Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

महराजगंज में कानून व्यवस्था को चुनौती, विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर पथराव, सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त

महराजगंज में कानून व्यवस्था को चुनौती, विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर पथराव, सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त

महराजगंज: परसामलिक थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर उर्फ बोदवार गांव में एक मामूली आपसी विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब समझौता कराने पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ही हमले का शिकार बन गई। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बृजेश चौधरी और कमलेश चौधरी के बीच चल रहे विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शुरुआत में पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई।

आरोप है कि दोनों भाई और उनके परिजन पुलिस की मौजूदगी से नाराज होकर आक्रामक हो गए। पहले पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस और अभद्रता की गई, फिर माहौल इतना बिगड़ गया कि भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया।

हालात बिगड़ते देख जब पुलिसकर्मी वहां से निकलने लगे, तभी उग्र लोगों ने सरकारी वाहन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस पथराव में वाहन के शीशे टूट गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद डायल 112 में तैनात कांस्टेबल नायब चौहान की तहरीर पर पुलिस ने बृजेश चौधरी और कमलेश चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 352 और 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस पर हमले और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!