महराजगंज: जिले में प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में नशीले कैप्सूल (ड्रग्स) और इंजेक्शन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
शुक्रवार की शाम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पनियरा थाना क्षेत्र के गिरगिटियां गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांव निवासी 57 वर्षीय अल्ताफ अहमद पुत्र अब्बास खान को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके घर से 3584 प्रतिबंधित कैप्सूल और 1800 ट्रामाडोल इंजेक्शन बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाओं का कारोबार कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि वह अपने घर को ही स्टॉक और बिक्री केंद्र के रूप में इस्तेमाल करता था। बरामद दवाओं में डिक्सीक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड तथा एसीटामिनोफेन युक्त दवाएं शामिल हैं।
इस मामले पर पुलिस का कहना है कि बरामद खेप की कीमत भारतीय बाजार में लाखों रुपये आंकी गई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी कीमत कहीं अधिक हो सकती है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस संयुक्त कार्रवाई में थानाध्यक्ष पनियरा राघवेन्द्र सिंह, एसओजी प्रभारी योगेश सिंह, स्वाट प्रभारी आशीष कुमार सिंह समेत कई अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।


