महराजगंज: नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसवा उर्फ खोरिया में मंदिर विवाद को लेकर पिछले कई दिनों से बना तनाव अब कानूनी कार्रवाई के बड़े दौर में पहुंच गया है। पुलिस ने धार्मिक माहौल बिगाड़ने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 12 नामजद व 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पूर्व शिव मंदिर परिसर में मांस फेंके जाने की घटना के बाद क्षेत्र में पहले से ही आक्रोश का माहौल था। प्रशासन लगातार शांति बनाए रखने का प्रयास कर रहा था, लेकिन शनिवार को एक बार फिर विवाद गहरा गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मंदिर की बाउंड्री वॉल के पास एक युवक संदिग्ध परिस्थिति में दिखाई दिया, जो दीवार से कील निकालने और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था।
इस घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत कुमार सिंह और थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शकील खान (18), तुलसी गौड़ (21), राहुल पासवान (20), उपेन्द्र (19) और रोहन शर्मा (19) को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को मेडिकल परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस मामले पर क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द कायम रह सके।


