रामपुर: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में जिले में जन-जागरूकता एवं जनआक्रोश कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर महिला हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के तोपखाना रोड स्थित कार्यालय के बाहर धरना देकर विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली।

सभा को संबोधित करते हुए निवर्तमान सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने कहा कि विपक्षी दल महिलाओं के बढ़ते राजनीतिक सशक्तिकरण से घबराए हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में ऐतिहासिक महिला आरक्षण बिल का विरोध कर विपक्ष ने अपनी मानसिकता उजागर की है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए केवल अवसर की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में मौजूद सुनीता सैनी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय महिलाओं को लोकतंत्र में अधिक भागीदारी देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं अपने अधिकारों और सम्मान को लेकर पूरी तरह जागरूक हैं।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पारुल अग्रवाल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक महिला आरक्षण के नाम पर राजनीति की गई, लेकिन भाजपा ने इसे धरातल पर लागू करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान के मुद्दे पर अब किसी तरह की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी करती नजर आईं। कार्यक्रम का संयोजन विवेक रुहेला ने किया, जबकि संचालन भाजपा नेत्री शकुंतला लोधी ने किया।
इस अवसर पर श्वेता शर्मा, पूजा शर्मा, संजना सक्सेना, अनु, छाया, महक, उषा प्रकाश, कांता देवी, सायमा, फरजाना, मेहताब, रुकसाना, प्रिया, इरफा, सारा, रिजवाना, बुशरा, चांद बी समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


