महराजगंज: पनियरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 71 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से बनने वाली चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। मुजुरी स्थित एक मैरेज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ज्ञानेंद्र सिंह और भाजपा के क्षेत्रीय जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय ने विधिवत पूजन-अर्चन कर कार्यों का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बुनियादी ढांचे, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को आसान नहीं बनातीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की भी आधारशिला होती हैं। विधायक ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि हसखोरी-चौरी मार्ग के मरम्मत कार्य का प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है, जिस पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा के क्षेत्रीय जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय ने कहा कि बीते वर्षों में प्रदेश की तस्वीर तेजी से बदली है। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, गैस और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि पनियरा विधानसभा क्षेत्र विकास कार्यों के मामले में जिले के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल हो चुका है।
कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रोमित रंजन गुप्ता, अवर अभियंता प्रदीप गुप्ता, के.के. दूबे, रविशंकर कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला, बबलू यादव, जितेंद्र दुबे (पप्पू बाबा), वीरेंद्र सिंह, महेंद्र नाथ, मनोज कुमार, नारद सिंह, रानू सिंह, जनार्दन सिंह, राजेश्वर मद्धेशिया, वीरेंद्र निषाद, श्रवण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।


