Hindi Express News
  • June 11, 2026
  • Last Update June 10, 2026 11:53 AM
  • Lucknow

शासन की चौखट पर जनता की आवाज़, सीएम योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

शासन की चौखट पर जनता की आवाज़, सीएम योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों को समझा और संबंधित अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनसमस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका असर ज़मीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की संवेदनशीलता और जवाबदेही का वास्तविक पैमाना यही है कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान हो। किसी भी स्तर पर लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग राजस्व, पुलिस, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, जमीन विवाद सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्देश दिए कि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और शिकायतकर्ता को उसकी प्रगति की जानकारी भी दी जाए। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से फोन पर बात कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार हर पीड़ित, जरूरतमंद और वंचित व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है। जनता दर्शन का उद्देश्य शासन और आम नागरिक के बीच सीधा संवाद स्थापित कर अंतिम व्यक्ति तक न्याय और राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और समाधान के प्रति गंभीरता दिखाने की भी हिदायत दी।

हर बार की तरह इस बार भी गोरखनाथ मंदिर परिसर में सुबह से ही जनता दर्शन कार्यक्रम को लेकर लोगों की भीड़ रही। दूर-दराज के जिलों से आए सैकड़ों फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

author

Related Articles

error: Content is protected !!