कुशीनगर: सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट एहतमाली स्थित देवनारायण टोला में दो सगी बहनों की संदिग्ध मौत का मामला अब गंभीर आपराधिक मोड़ लेता नजर आ रहा है। पुलिस जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे पारिवारिक विवाद के बीच हत्या की आशंका गहरा गई है। मामले में मृतकाओं के दो भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों बहनों के गांव के कुछ युवकों से संबंधों को लेकर परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव और मतभेद की स्थिति बनी हुई थी। इसी विवाद के चलते घर में अक्सर कहासुनी और विवाद होने की बात सामने आई है।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि घरेलू विवाद के दौरान दोनों बहनों के साथ मारपीट की गई, जिसके परिणामस्वरूप उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
घटना के बाद पुलिस ने मृतकाओं के भाइयों सूरज और नितीश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और वैज्ञानिक जांच भी कराई जा रही है।
मामले पर जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि प्रकरण में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति से बचने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु निगरानी बढ़ा दी गई है।


