बुलंदशहर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिला सेल परिवार परामर्श केन्द्र द्वारा वैवाहिक विवादों के त्वरित निस्तारण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को केन्द्र में पति-पत्नी के पारिवारिक विवाद संबंधी तीन मामलों की सुनवाई हुई, जिसमें दोनों पक्षों के लोग उपस्थित हुए।

काउंसलर टीम ने धैर्यपूर्वक दोनों पक्षों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आपसी समझ और संवाद का महत्व समझाया। काउंसलिंग के सकारात्मक परिणाम सामने आए और तीनों प्रार्थना पत्रों में पति-पत्नी ने आपसी सहमति से सुलह कर लिया।

परिवार परामर्श केन्द्र की टीम के प्रयासों से तीनों दम्पतियों ने एक बार फिर साथ रहने का निर्णय लिया और एक-दूसरे पर विश्वास बनाए रखने का आश्वासन दिया। दंपतियों ने नवजीवन की नई शुरुआत करते हुए हंसी-खुशी जीवन व्यतीत करने का संकल्प लिया।
प्रभारी महिला सेल काउंसलरों ने सभी दंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए समझाया कि बीती बातों को भुलाकर प्रेम, सहयोग और सम्मान के साथ जीवनयापन करें।


