नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में खेले गए एशिया कप मैच में “हैंडशेक विवाद” सुर्खियों में रहा था। पहलगाम आतंकी हमले के बाद 14 सितंबर को दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने उतरी थीं। उस मैच से पहले इसे बहिष्कार करने की मांग उठी थी और जगह-जगह प्रदर्शन भी हुए थे। हालांकि, भारत ने वह मुकाबला आसान जीत के साथ अपने नाम किया, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। अब एक बार फिर दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी Asia Cup 2025 के सुपर-4 चरण में भिड़ने जा रहे हैं।
भारतीय खिलाड़ियों ने तोड़ी परंपरा
पिछले मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। टॉस के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाकर एक नई परंपरा की शुरुआत की। मैच खत्म होने के बाद भी भारतीय खिलाड़ी सीधे ड्रेसिंग रूम लौट गए।
यह भी पढ़ें: GST दरों में कटौती का फायदा: HUL, P&G, ITC और इमामी ने घटाए दाम, आम जनता को राहत
माना गया कि सूर्यकुमार और हेड कोच गौतम गंभीर का यह कदम पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए 26 लोगों के परिवारों के समर्थन का प्रतीक था। इस विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा पुरस्कार समारोह में भी शामिल नहीं हुए।
एक और बड़ी जीत का लक्ष्य
विशेषज्ञ मानते हैं कि रविवार को होने वाले सुपर-4 मुकाबले में भी भारतीय टीम इसी नीति पर कायम रह सकती है। पाकिस्तानी खिलाड़ी और उनके समर्थक इस मैच को पहले से ही द्वेषपूर्ण नजरिए से देख रहे हैं, जिससे मैदान पर तनाव और बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: UPITS 2025: उत्तर प्रदेश बनेगा वैश्विक निवेश का केंद्र, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा रूस-इंडिया बिजनेस डायलॉग
पिछले मैच में सात विकेट से जीत दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव ने भी इशारों-इशारों में माना कि टीम का रुख सख्त रहेगा। भारत इस बार अपनी स्पिन तिकड़ी के दम पर पाकिस्तान के खिलाफ एक और प्रभावशाली जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।


