Hindi Express News
  • 20/04/2026
  • Last Update 19/04/2026 9:29 pm
  • Lucknow

ऑपरेशन प्रहार के तहत IMS कॉलेज में चला जागरूकता अभियान, युवाओं ने लिया नशा मुक्त समाज का संकल्प

ऑपरेशन प्रहार के तहत IMS कॉलेज में चला जागरूकता अभियान, युवाओं ने लिया नशा मुक्त समाज का संकल्प

गाजियाबाद: कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत गुरुवार को IMS इंजीनियरिंग कॉलेज में एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त गाजियाबाद के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त नगर के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने किया। इस दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों और स्टाफ को 1 जनवरी 2026 से संचालित ऑपरेशन प्रहार की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य गाजियाबाद को नशा मुक्त और अवैध हथियार मुक्त बनाना है, जिसमें आमजन, विशेषकर युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उनसे अपील की गई कि वे स्वयं भी इससे दूर रहें और दूसरों को भी जागरूक करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9643200225 साझा किया गया।

इस अवसर पर कॉलेज परिसर में “हस्ताक्षर अभियान” चलाया गया, जिसमें “Prahaar Pledge Tree” बनाकर विद्यार्थियों ने नशा और अवैध हथियारों के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लिया। छात्रों ने जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता जताई।

इसके अलावा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों, विशेषकर मिशन शक्ति, की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। एसीपी वेव सिटी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा समाज की रीढ़ हैं और उनकी जागरूकता से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डायल-112, 1090, 1076, 1098 और 181 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, “गोल्डन ऑवर” के महत्व तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in की जानकारी भी विस्तार से दी गई।

अंत में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इस पहल की सराहना की। यह कार्यक्रम गाजियाबाद पुलिस की समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!