Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

फरेंदा में धर्म, राष्ट्र और संस्कृति के संरक्षण का आह्वान, विराट हिन्दू सम्मेलन भव्य एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न

फरेंदा में धर्म, राष्ट्र और संस्कृति के संरक्षण का आह्वान, विराट हिन्दू सम्मेलन भव्य एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न

महराजगंज: फरेंदा स्थित काली मन्दिर, बरदहिया बाजार में बुधवार को आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन भव्य, गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति, समाजसेवी, संत-महात्मा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संपूर्ण वातावरण राष्ट्रभक्ति, सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता के भाव से ओत-प्रोत दिखाई दिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आवरणीय अनिल (क्षेत्र प्रचारक, पू. उ.) तथा मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 श्रीमंत महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी महेश योगी जी महाराज (महंत – सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी, श्री अयोध्या धाम) रहे। सम्मेलन का शुभारम्भ गणेश वंदना एवं महाभारत के दृश्य गीत के साथ हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

इसके पश्चात आवरणीय अनिल द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्य वक्ता एवं अतिथियों का स्वागत पुष्पवर्षा, शंखनाद एवं तिलक के साथ किया गया, जिससे कार्यक्रम स्थल भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण वातावरण से भर गया।

कार्यक्रम का संचालन अरविन्द मिश्र ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राम पाण्डेय ने की। संपूर्ण आयोजन में संगठन की अनुशासनबद्धता, समयबद्धता और व्यवस्थाओं की सराहना उपस्थित जनसमूह द्वारा की गई।

वक्ताओं ने रखा राष्ट्र निर्माण का दृष्टिकोण

अपने संबोधन में अनुराधा श्रीवास्तव ने कहा कि मातृशक्ति राष्ट्र निर्माण की रीढ़ है। समाज को सशक्त बनाने के लिए महिलाओं की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सामाजिक एकता और संस्कारों के संरक्षण पर विशेष बल दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. स्वामी महेश योगी महाराज ने कहा कि भारत संतों, साधना और धर्म की भूमि है। जब-जब अधर्म बढ़ा है, तब-तब धर्म का उत्थान हुआ है। उन्होंने सनातन संस्कृति को भारत की आत्मा बताते हुए युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत को आत्मसात करने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता आवरणीय अनिल ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि आज देश के प्रत्येक कोने में हिन्दू सम्मेलन आयोजित हो रहे हैं, जो हिन्दू समाज की जागरूकता का प्रतीक हैं। हिन्दू धर्म केवल स्वयं के लिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्व के कल्याण की भावना रखता है। हिन्दू समाज के संगठित होने से ही राष्ट्र सशक्त बनेगा और विश्व का कल्याण संभव होगा।

उन्होंने भारतीय शिक्षा प्रणाली, सांस्कृतिक संरक्षण, सामाजिक समरसता और भगवा ध्वज के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

भारत माता की आरती के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में श्री राम पाण्डेय द्वारा सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। तत्पश्चात भारत माता की आरती के साथ विराट हिन्दू सम्मेलन का विधिवत समापन हुआ।

इस अवसर पर विवेक, राजीव नयन, अजीत जी, परमात्मा, अजय सिंह, बजरंग बहादुर, राजेश, सुनील पाण्डेय, नागेन्द्र, हिमांशु, अजय, गोविन्द सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!