गाजियाबाद: कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने सोमवार को नियमित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आम जन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में नगर निगम, पुलिस विभाग, जीडीए, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं।

डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का “शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण” सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां मौके पर जांच कर ही रिपोर्ट तैयार की जाए और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना भी जरूरी है।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम डासना, तहसील डासना की खसरा संख्या 1382 और 1383 पर चकमार्ग एवं सरकारी नाली की भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायत सामने आई। इस पर डीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
डीएम माँदड़ ने चेतावनी दी कि “किसी भी भू-माफिया, भ्रष्टाचारी या धोखाधड़ी करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। दोषी पाए जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।”
इस मौके पर एडीएम (एफ/आर) सौरभ भट्ट, एडीएम (एल/ए) विवेक मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सन्तोष कुमार उपाध्याय और आईएएस अयान जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


