Hindi Express News
  • June 11, 2026
  • Last Update June 10, 2026 11:53 AM
  • Lucknow

गाजियाबाद का युवक पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में! दो खास टास्क मिलने का दावा, बैंक खाते खंगाल रही पुलिस

गाजियाबाद का युवक पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में! दो खास टास्क मिलने का दावा, बैंक खाते खंगाल रही पुलिस

गाजियाबाद: तेलंगाना पुलिस की मेडचल थाना टीम ने गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय जैद खान को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से कथित संबंध और संदिग्ध जासूसी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामले के सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस, विशेषकर गाजियाबाद पुलिस भी सतर्क हो गई है और तेलंगाना पुलिस से विस्तृत जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जैद सोशल मीडिया के माध्यम से कथित पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में आया था। जांच एजेंसियों का दावा है कि उसे देश से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां जुटाने और अन्य गतिविधियों के लिए दो विशेष टास्क सौंपे गए थे।

जांच में सामने आया है कि जैद ने इंटरनेट की मदद से उत्तर प्रदेश के कई कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों और मुख्यमंत्री के निजी सहायक (PA) के मोबाइल नंबर कथित रूप से एकत्र कर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजे थे। इसके अलावा उसे गाजियाबाद में पाकिस्तानी गैंगस्टर आबिद के नाम के पोस्टर लगाने का भी काम दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि इसके बदले उसे असली हथियार उपलब्ध कराने का लालच दिया गया था।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि जैद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर स्टाइल रील्स और वीडियो साझा करता था। वह अक्सर टॉय गन के साथ वीडियो बनाता था, जिससे प्रभावित होकर कथित पाकिस्तानी हैंडलर्स ने उससे संपर्क बढ़ाया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक नकली पिस्तौल भी बरामद करने की बात कही है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, 4 अप्रैल को प्रयागराज में ‘छोटा योगी’ नाम से पहचाने जाने वाले व्यक्ति की लोकेशन भी कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर साझा की गई थी। वहीं 10 अप्रैल को गाजियाबाद में करीब 1000 पोस्टर लगाने का टास्क दिए जाने का दावा भी किया जा रहा है।

पूछताछ के दौरान जैद ने बताया कि वह वर्ष 2021 में गाजियाबाद से कोलकाता गया था, जहां करीब तीन वर्षों तक कपड़ों की दुकान पर काम किया। फरवरी 2026 में वह हैदराबाद पहुंचा और अपने चचेरे भाई फैजान की मदद से एक होटल में लगभग ₹15 हजार मासिक वेतन पर वेटर की नौकरी करने लगा। इसी दौरान वह पुलिस के रडार पर आ गया।

जैद के पिता दिलीप खान, जो एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं, ने मीडिया से बातचीत में निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि उनका बेटा दोषी साबित होता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, लेकिन बिना जांच किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

फिलहाल तेलंगाना और उत्तर प्रदेश पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हुई हैं। जैद के बैंक खातों, सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!