Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

रामपुर में इंसानियत शर्मसार, सिलाई का मेहनताना मांगने पर युवक को बुरी तरह पीटा, हालत गंभीर

रामपुर में इंसानियत शर्मसार, सिलाई का मेहनताना मांगने पर युवक को बुरी तरह पीटा, हालत गंभीर

रामपुर: जनपद के अजीमनगर थाना क्षेत्र के खेड़ा टांडा गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिलाई के पैसे मांगने पर एक युवक पर कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक गांव में सिलाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। आरोप है कि वह अपने काम का मेहनताना मांगने गया था, इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की पट्टी से हमला कर दिया।

हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया।

पीड़ित परिवार ने गांव के ही पांच लोगों नाजिम, फरमान, कामिल, हबीब और नाजिया पर हमले का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि आरोपी घटना के बाद भी खुलेआम घूम रहे हैं और उन पर समझौते का दबाव बना रहे हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच जारी है। अजीमनगर थाना प्रभारी कर्मपाल सिंह के अनुसार, घायल युवक की मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

error: Content is protected !!