नई दिल्ली: भारत में WhatsApp केवल एक मैसेजिंग ऐप नहीं, बल्कि आम लोगों, व्यापार, प्रशासन और यहां तक कि सरकारी तंत्र का अहम हिस्सा बन चुका है। करोड़ों यूज़र रोज़मर्रा की बातचीत, दस्तावेज़ों के आदान-प्रदान और सूचनाओं के लिए इसी प्लेटफॉर्म पर निर्भर हैं। लेकिन अब यही WhatsApp सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणियों के बाद गंभीर कानूनी और नीतिगत सवालों के घेरे में आ गया है।

हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में WhatsApp और उसकी पेरेंट कंपनी Meta की प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर सुनवाई हुई, जिसमें अदालत ने साफ कहा कि यूज़र्स की निजता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट संकेत दिया कि यदि कोई कंपनी भारतीय कानूनों का पालन नहीं कर सकती, तो उसके लिए भारत में काम करना अनिवार्य नहीं है।
आखिर क्या है विवाद की जड़?
इस पूरे विवाद की शुरुआत WhatsApp की प्राइवेसी पॉलिसी से हुई, जिसे लेकर पिछले कुछ वर्षों से सवाल उठते रहे हैं। WhatsApp का दावा है कि उसके सभी मैसेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड हैं, यानी संदेश भेजने वाले और पाने वाले के अलावा कोई तीसरा उन्हें नहीं पढ़ सकता।
हालांकि, सरकार और अदालत की चिंता मैसेज के कंटेंट को लेकर नहीं, बल्कि यूज़र डेटा यानी मेटाडेटा को लेकर है। WhatsApp अपनी पॉलिसी में यह स्वीकार करता है कि वह यह जानकारी एकत्र करता है कि यूज़र किससे, कब, कितनी बार और किस डिवाइस से बात करता है। यह डेटा Meta की अन्य कंपनियों, जैसे Facebook और Instagram, के साथ साझा किया जा सकता है।
जानिए सुप्रीम कोर्ट की आपत्ति?
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने WhatsApp के उस रवैये पर कड़ी नाराज़गी जताई, जिसमें यूज़र्स से कहा जाता है “पॉलिसी मानो या ऐप छोड़ दो।” अदालत ने कहा कि भारत जैसे देश में, जहां WhatsApp एक तरह से डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर बन चुका है, वहां यूज़र्स को मजबूर नहीं किया जा सकता।
कोर्ट ने यह भी दोहराया कि प्राइवेसी संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत यह मौलिक अधिकार है और किसी भी व्यावसायिक हित के लिए इससे समझौता नहीं किया जा सकता।
सरकार का सख्त आदेश
भारत सरकार का रुख पहले से स्पष्ट है कि देश के नागरिकों का डेटा सुरक्षित रहना चाहिए और उसका इस्तेमाल केवल भारतीय कानूनों के तहत होना चाहिए। आशंका यह है कि करोड़ों भारतीयों का डेटा विदेशों में स्टोर होकर न सिर्फ विज्ञापन, बल्कि डेटा प्रोफाइलिंग, बिहेवियर ट्रैकिंग और भविष्य की AI टेक्नोलॉजी के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
क्या कहता है WhatsApp?
WhatsApp का कहना है कि वह चैट कंटेंट किसी को साझा नहीं करता और उसकी पॉलिसी पूरी दुनिया में एक जैसी है। कंपनी का तर्क है कि भारत के लिए अलग नियम बनाना तकनीकी रूप से कठिन है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस दलील को मानने से इनकार करते हुए कहा कि भारत का यूज़र बेस और संवैधानिक ढांचा किसी भी “ग्लोबल पॉलिसी” से ऊपर है।
आगे क्या होना है?
कानूनी जानकारों के अनुसार, WhatsApp के सामने अब विकल्प सीमित हैं। या तो उसे अपनी प्राइवेसी पॉलिसी में बदलाव करना होगा, या भारत सरकार के साथ किसी बीच के समाधान पर पहुंचना होगा। यह मामला सिर्फ WhatsApp तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में अन्य Big Tech कंपनियों के लिए भी एक मिसाल बनेगा।
दरअसल यह विवाद एक बड़े सवाल को जन्म देता है; डिजिटल इंडिया में नागरिकों के अधिकार सर्वोपरि होंगे या टेक कंपनियों का मुनाफा? हालांकि, सुप्रीम कोर्ट की सख्ती ने यह साफ कर दिया है कि भारत अब डेटा और प्राइवेसी के मामले में कोई समझौता करने के मूड में नहीं है।


