कुशीनगर: खड्डा थाना पुलिस ने उत्कृष्ट तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मात्र चार घंटे के भीतर तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लखुआ लखुई, थाना खड्डा के निवासी श्री शम्भू यादव और दीपक गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके पुत्र आयुष यादव (12 वर्ष), विकास गुप्ता (15 वर्ष) और कुश जायसवाल (16 वर्ष) पुत्र द्वारिका जायसवाल दिनांक 23 अक्तूबर 2025 को दोपहर करीब 1:30 बजे घर से एक साथ कहीं चले गए हैं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला।
सूचना मिलते ही खड्डा थाने की पुलिस टीम सक्रिय हुई। सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस ने सूचना तंत्र विकसित किया और संभावित स्थलों पर छानबीन शुरू की। परिणामस्वरूप, केवल चार घंटे के अंदर ही गोरखपुर रेलवे स्टेशन से तीनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस द्वारा बच्चों को आवश्यक पूछताछ के बाद सुरक्षित रूप से उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
इस त्वरित कार्रवाई के लिए स्थानीय नागरिकों ने खड्डा पुलिस की सतर्कता और कुशल कार्यशैली की सराहना की है।


