कुशीनगर: पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में अवैध व अपंजीकृत ड्रोनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 13 अवैध ड्रोन जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना जटहां बाजार क्षेत्र से 10, थाना रामकोला से 2 और थाना खड्डा से 1 ड्रोन को पुलिस ने कब्जे में लिया। यह सभी ड्रोन बिना पंजीकरण और अनुमति के उपयोग में लाए जा रहे थे।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ड्रोन से जुड़ी भ्रामक अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
उन्होंने यह भी कहा कि ड्रोन का उपयोग करने से पहले वैधानिक अनुमति लेना अनिवार्य है। नियमों का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कुशीनगर पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


