गाजियाबाद: गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्लेटफॉर्म चौड़ीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह परियोजना समयसीमा के भीतर पूरी की गई, जिससे स्टेशन पर यात्री आवागमन और सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।
यह भी पढ़ें: लोनी में जमीन धोखाधड़ी का मामला उजागर, फर्जी दस्तावेज बनाकर प्लॉट बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार
इस परियोजना के तहत प्लेटफॉर्म संख्या 5/6 और 3/4 को चौड़ा किया गया है। प्लेटफॉर्म 5/6 के मध्य भाग में लगभग 4 मीटर और अंतिम हिस्से में करीब 1.5 मीटर की चौड़ाई बढ़ाई गई है, जिसका विस्तार लगभग 300 मीटर लंबाई में फैला है। इसी तरह, प्लेटफॉर्म 3/4 के मध्य भाग में 4 मीटर और अंतिम हिस्से में 2 मीटर चौड़ाई बढ़ाई गई, जो लगभग 200 मीटर तक फैली हुई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म चौड़ीकरण से पीक ऑवर के दौरान यात्रियों की भीड़ में काफी कमी आएगी। यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित होगी। स्टेशन पर धक्का-मुक्की और भीड़ से होने वाली असुविधा में भी कमी आएगी।
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन देश के व्यस्ततम जंक्शनों में से एक है, इसलिए इस तरह के विकास कार्य परिचालन दक्षता बढ़ाने और यात्रियों को आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण हैं। रेलवे का यह प्रयास आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण और यात्रियों की सुविधा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यात्री संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी इस कदम की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में और सुधार कार्य भी किए जाएंगे, जिससे स्टेशन पूरी तरह से यात्रियों के अनुकूल बन सके।


