Hindi Express News
  • July 31, 2026
  • Last Update July 30, 2026 6:47 AM
  • Lucknow

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, रामपुर भाजपा जिला कार्यालय पर रणनीति बैठक

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, रामपुर भाजपा जिला कार्यालय पर रणनीति बैठक

रामपुर: भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती स्मरण पक्ष (23 जून से 6 जुलाई) के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्मरण पक्ष के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने और संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती स्मरण पक्ष केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा, संगठन की वैचारिक प्रतिबद्धता और जन-जागरण का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे डॉ. मुखर्जी के विचारों, संघर्ष और बलिदान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं तथा स्मरण पक्ष के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों को जनआंदोलन का रूप दें।

हरीश गंगवार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने “एक देश में एक विधान, एक प्रधान और एक निशान” की अवधारणा को लेकर संघर्ष किया और इसके लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने का काम किया गया है।

जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्मरण पक्ष के दौरान बूथ स्तर तक होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करें और संगठन की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। बैठक में जिला प्रभारी राजा वर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की।

उन्होंने बताया कि स्मरण पक्ष के दौरान पुष्पांजलि कार्यक्रम, कार्यकर्ता सम्मेलन, छात्र सम्मेलन, वृक्षारोपण अभियान और अन्य रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठन द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता, समर्पण और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि डॉ. मुखर्जी के विचारों को केवल भाषणों तक सीमित न रखकर जनसंपर्क, संवाद और कार्यक्रमों के माध्यम से समाज तक पहुंचाया जाए, ताकि नई पीढ़ी भी उनके राष्ट्रवादी चिंतन, राजनीतिक दृष्टि और बलिदान से परिचित हो सके।

बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने मंडलों और बूथों पर स्मरण पक्ष के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अभी से सक्रिय तैयारी शुरू करें। इस अवसर पर सुनीता सैनी, हंसराज पप्पू, विवेक रुहेला, रविंद्र सिंह रवि, अर्जुन रस्तोगी, आकाश सक्सेना, प्रदीप गुप्ता, पारुल गुप्ता, कुंवर बहादुर, करतार लोधी, दीपक गुप्ता, श्वेता शर्मा, ओमप्रकाश लोधी, विक्रम सिंह, रघुवीर जाटव, कमल सिंह लोधी, रोहित सैनी, अनु सक्सेना, भव्य उप्पल, सुखदेव, वेद प्रकाश सागर, नरेंद्र सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

error: Content is protected !!