गाजियाबाद: नए साल से पहले मिठाइयों और बेकरी उत्पादों की बढ़ती खपत को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग ने जनपद गाजियाबाद में बेकरी और मिठाई की दुकानों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने शहर के प्रमुख बाजारों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बेकरी और मिठाई प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। यह कार्रवाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर खाद्य सुरक्षा मानकों से समझौता न हो।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में कार्यरत कारीगरों और कर्मचारियों को कार्य करते समय कैप, मास्क और एप्रन पहनना अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कच्चे माल की गुणवत्ता, मिठाई और बेकरी उत्पादों के भंडारण की व्यवस्था, साफ-सफाई, निर्माण प्रक्रिया और कार्यस्थल की स्वच्छता की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में हाइजीन से संबंधित नियमों की अनदेखी सामने आई। कुछ दुकानों में कर्मचारी बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करते पाए गए, जबकि कई जगहों पर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। ऐसे मामलों में संबंधित संचालकों को मौके पर ही कड़ी चेतावनी दी गई और तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान में दोबारा नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित संचालक के खिलाफ जुर्माना, कानूनी कार्रवाई और लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि नए साल के अवसर पर मिठाइयों, केक, पेस्ट्री और अन्य बेकरी उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं की सेहत से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
विभाग की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि यह निरीक्षण और छापेमारी अभियान नए साल तक लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले के नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।


