पटना: बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर से मां थावे वाली के मुकुट एवं बहुमूल्य आभूषणों की चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के निवासी एक शातिर चोर दीपक राय को गिरफ्तार किया है। यह चोरी 17–18 दिसंबर की रात हुई थी, जिसने बिहार सहित कई राज्यों में सनसनी फैला दी थी।

घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब सुबह मंदिर में मां का श्रृंगार किया जा रहा था। मुकुट और अन्य आभूषण गायब मिलने पर श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में भक्त एकत्र हो गए और प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की गई। थावे दुर्गा मंदिर न केवल बिहार बल्कि उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है, ऐसे में इस घटना को श्रद्धा पर चोट के रूप में देखा गया।

जनभावनाओं की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के निर्देशन में मामले की जांच तेज की गई। सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया, जिसके बाद उत्तर प्रदेश से आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
गिरफ्तार अभियुक्त दीपक राय के पास से चोरी में प्रयुक्त कटर, मोबाइल फोन, जैकेट समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है। हालांकि मां थावे भवानी का मुकुट और हार अभी बरामद नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में लगातार छापेमारी की जा रही है और आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस चोरी में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है। उनकी तलाश में पुलिस की एक दर्जन से अधिक टीमें बिहार के बाहर विभिन्न राज्यों में भेजी गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मां के श्रृंगार से जुड़े शेष आभूषण जल्द ही बरामद कर लिए जाएंगे और सभी दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
थावे दुर्गा मंदिर जैसे पवित्र धार्मिक स्थल में हुई चोरी के मामले का सफल खुलासा पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस कार्रवाई से जहां अपराधियों में हड़कंप मचा है, वहीं श्रद्धालुओं के बीच पुलिस और प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। अब सभी की निगाहें मां थावे वाली के मुकुट और अन्य बहुमूल्य आभूषणों की पूर्ण बरामदगी पर टिकी हुई हैं।


