Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

पंचायत घोटाले की जांच बनी रणभूमि, शिकायतकर्ता बना निशाना, टीम के सामने ही होती रही मारपीट

पंचायत घोटाले की जांच बनी रणभूमि, शिकायतकर्ता बना निशाना, टीम के सामने ही होती रही मारपीट

महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अनंतपुर मोथई में उस समय हड़कंप मच गया, जब जांच करने पहुंची टीम के सामने ही शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की घटना हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित ने थाने पर नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के मुताबिक अनंतपुर निवासी सुरेश यादव ने 20 अप्रैल को उप निदेशक पंचायत, गोरखपुर मंडल से लिखित शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि गांव में विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं की गई हैं। शिकायत में स्ट्रीट लाइट कार्य में गड़बड़ी, कोटई माता स्थल पर बिना खुदाई के नया पोखरा दिखाकर मनरेगा का भुगतान कराने, मनरेगा पार्क में अधूरा कार्य होने के बावजूद पूरा भुगतान लेने, पंचायत भवन में बिना गेट लगाए धनराशि निकालने तथा सरकारी फर्नीचर को निजी उपयोग में ले जाने जैसे गंभीर आरोप शामिल थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने इस संबंध में पहले भी जिलाधिकारी और डीपीआरओ से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके उलट उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिलती रहीं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उप निदेशक पंचायत, गोरखपुर मंडल ने जांच के लिए देवरिया जनपद के अधिकारियों की एक टीम गठित की। 30 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे टीम गांव में जांच के लिए पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उसके साथ मारपीट करने लगे। यह पूरी घटना जांच टीम के सामने ही हुई।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!