कुशीनगर: तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत 18 और 19 जनवरी को क्षेत्र में विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनका मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए युवक-युवतियों, विशेषकर बालिक मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ना है।
तमकुहीराज एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि सोमवार, 19 जनवरी को विधानसभा क्षेत्र 331 के सभी डिग्री कॉलेजों में विशेष मतदाता कैम्प लगाए जाएंगे। इन कैम्पों में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का फॉर्म-06 भरवाया जाएगा, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके। प्रशासन का मानना है कि कॉलेजों में कैम्प लगने से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सीधे तौर पर मतदाता बनने की प्रक्रिया से जुड़ सकेंगे।
एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि इन कैम्पों की निगरानी वह स्वयं करेंगी, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना आज की आवश्यकता है, क्योंकि मजबूत लोकतंत्र की नींव सक्रिय और जागरूक मतदाताओं पर ही टिकी होती है।
इसके अतिरिक्त रविवार, 18 जनवरी को सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान बूथों पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नामों में संशोधन करने तथा आवश्यक सुधार से संबंधित कार्य किए जाएंगे। एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि वे अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में मतदाता सूची अधिक सटीक और व्यापक होने की उम्मीद है। साथ ही, बड़ी संख्या में युवा और बालिक मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ेंगे, जिससे आने वाले समय में मतदान प्रतिशत बढ़ने और लोकतंत्र को मजबूती मिलने की संभावना है।


