गाजियाबाद: जनपद के लोनी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में यमुना किनारे अवैध तरीके से हो रहे बालू खनन पर अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। नोरसपुर गांव निवासी दीपांशू ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि कुछ लोग मिलकर यमुना नदी के पास उनके खेत में हेवी मशीनों से अवैध खनन कर रहे हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोप है कि खनन कर रहे लोगों ने उनकी पिटाई की और हथियार दिखाकर धमकाया।
शिकायतकर्ता द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने पचायरा और नोरसपुर गांव के आसपास खनन स्थलों की जांच शुरू की। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें यमुना किनारे रेत का पुल और रेत से भरे ओवरलोड ट्रक गुजरते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि नदी की धार को मोड़कर नया रास्ता बनाया गया है, जिससे भारी मशीनों की मदद से खनन किया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि रात के समय बड़े पैमाने पर बालू की निकासी की जाती है और ट्रक सीधे दिल्ली और आसपास के इलाकों में भेजे जाते हैं। इस अवैध गतिविधि से पर्यावरण और नदी की धारा दोनों को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने उधम, काले और विकास नामक तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है।


