गाजियाबाद: ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट की सरकारी भूमि पर बने कथित अवैध मजार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे हटवा दिया। यह अभियान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) और पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दिया गया।
जानिए पूरा मामला
मामला थाना ट्रोनिका सिटी के सेक्टर C-1 स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां सरकारी जमीन पर बिना अनुमति निर्माण किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। जांच के बाद संबंधित निर्माण को अवैध मानते हुए प्रशासन की तरफ से पहले नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। हालांकि निर्धारित समय बीतने के बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई का फैसला लिया।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सुरक्षा इंतजामों के बीच ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया। संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में पीएसी (PAC), रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और स्थानीय पुलिस समेत लगभग 400 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
कार्रवाई के दौरान पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसडीएम लोनी दीपक सिंघलवाल, एसीपी सिद्धार्थ गौतम और यूपीसीडा के वरिष्ठ प्रबंधक एन.के. जैन सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।
अधिकारियों के मुताबिक, पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध और प्रशासनिक सतर्कता के चलते कार्रवाई बिना किसी विरोध या तनाव के शांतिपूर्वक पूरी कर ली गई। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सरकारी भूमि, ग्रीन बेल्ट और हिंडन डूब क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


