Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

गोरखपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली से दबोची गई पच्चीस हजार की इनामिया महिला, जानिए पूरा मामला

गोरखपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली से दबोची गई पच्चीस हजार की इनामिया महिला, जानिए पूरा मामला

गोरखपुर: आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के मामले में लंबे समय से फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामिया महिला को गोरखपुर पुलिस ने नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे गोरखपुर लाया गया, जहां उससे पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में गुलरिहा थाना पुलिस की टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी महिला शालिनी श्रीवास्तव को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया। शालिनी श्रीवास्तव, बलिया जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित आनंद नगर बड़ी काली मंदिर की निवासी बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 22 फरवरी 2026 को गुलरिहा थाने में दर्ज एक शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों द्वारा वादिनी के पति को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इतना ही नहीं, उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां भी दी जा रही थीं। शिकायत के मुताबिक लगातार बढ़ते दबाव और उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़ित ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान शालिनी श्रीवास्तव की भूमिका सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए गए, लेकिन वह लगातार फरार रही। इसके बाद पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।

गुलरिहा पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सर्विलांस और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और नई दिल्ली में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे ट्रांजिट रिमांड पर गोरखपुर लाया गया।

इस मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन पड़ताल की जा रही है। साथ ही फरार एवं इनामिया अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!