कुशीनगर: कहते हैं कि मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके हौसलों में जान होती है। इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है कुशीनगर जनपद के सेवरही विकासखंड अंतर्गत बिहार सीमा से सटे सलेमगढ़ ग्राम पंचायत के उप मियां टोला निवासी चांद राजा ने। लगातार तीन बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और चौथे प्रयास में NEET-UG 2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर ऑल इंडिया रैंक 19,631 प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, पूरा गांव और क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
चांद राजा, शाकीर अंसारी के बड़े पुत्र हैं। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े चांद बचपन से ही पढ़ाई में होनहार रहे हैं। उन्होंने गोरखपुर के नेताजी डिफेंस एकेडमी, नंदानगर से इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी करने के बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए राजस्थान के कोटा का रुख किया। कठिन परिस्थितियों और लगातार तीन असफल प्रयासों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। आखिरकार चौथे प्रयास में उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने NEET-UG 2026 में सफलता हासिल कर डॉक्टर बनने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा दिया।
अपनी सफलता पर चांद राजा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल डॉक्टर बनना नहीं, बल्कि समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, छोटे भाई, शिक्षकों और मित्रों को दिया, जिनके सहयोग और विश्वास ने उन्हें हर कठिन दौर में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
बेटे की सफलता पर पिता शाकीर अंसारी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि चांद ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे परिवार के साथ गांव का नाम भी रोशन किया है। उनका मानना है कि चांद की यह उपलब्धि क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो कठिनाइयों के कारण अपने सपनों से पीछे हट जाते हैं।
जैसे ही चांद राजा के NEET में सफल होने की खबर क्षेत्र में फैली, उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाई तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू, पूर्व विधायक एवं राज्य मंत्री डॉ. पी.के. राय, समाजसेवी अवधनाथ ठाकुराई, पूर्व ग्राम प्रधान विनोद सिंह पटेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव, कमरूलहक अंसारी, नुरूलहक अंसारी, अर्पित राय, मास्टर खुर्शीद अंसारी, राजा हुसैन, हाजी ताज मोहम्मद, कामरेज आलम, राशिद राजा, दिलशाद अंसारी, रुस्तम अली सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


