कुशीनगर: जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित एक छात्रा के प्रवेश पर उस समय संकट खड़ा हो गया, जब उसने अपने विद्यालय पर मार्कशीट और स्थानांतरण प्रमाणपत्र देने से इनकार करने का आरोप लगाया। मामले की शिकायत छात्रा ने उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा से की, जिसके बाद प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक सेंट पैट्रिक्स स्कूल, तमकुहीराज की छात्रा श्रेया मद्देशिया का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। छात्रा का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य द्वारा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा रहे थे, जिससे उसके नवोदय विद्यालय में प्रवेश पर संकट उत्पन्न हो गया।
शिकायत मिलते ही एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने मामले का संज्ञान लिया और तहसील प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की सक्रियता के बाद विद्यालय प्रबंधन में हलचल मच गई। एसडीएम ने विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य दिलीप कुमार को छात्रा के सभी आवश्यक दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद छात्रा को विद्यालय बुलाकर दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। समय पर कार्रवाई होने से छात्रा के नवोदय विद्यालय में प्रवेश का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
श्रेया एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता की मेहनत और बेटी की लगन से उसे नवोदय विद्यालय में सफलता मिली है। ऐसे में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। हालांकि, विद्यालय प्रबंधन का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। यदि उनका पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


