गोरखपुर: गुलरिहा थाना क्षेत्र के खुटहन खास गांव में मंगलवार को उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब समाजवादी पार्टी के नेता और पिपराइच विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी अमरेंद्र निषाद पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि पारिवारिक रंजिश के चलते उनके ही पटीदार ने रिवाल्वर से गोली चला दी।
बताया जा रहा है कि अमरेंद्र निषाद अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी अचानक बड़े पिता के पुत्र ने नजदीक से उन्हें निशाना बनाकर फायर कर दिया। गोली उनके सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। गोली की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना के बाद अमरेंद्र निषाद ने स्वयं गुलरिहा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि हमलावर की मंशा साफ तौर पर जान से मारने की थी और फायरिंग बेहद करीब से की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
अमरेंद्र निषाद का राजनीतिक और सामाजिक जीवन काफी सक्रिय रहा है। वे पिपराइच विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रह चुके हैं। उनके पिता जमुना निषाद बसपा सरकार में मंत्री रह चुके थे और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी। परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि के कारण यह घटना अब राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गई है।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं, वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


