बुलंदशहर: जनपद के खानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुर में जिला पंचायत निधि से निर्मित सड़क के शिलान्यास बोर्ड को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र में जनआक्रोश फैल गया है और जनप्रतिनिधियों के समर्थकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, शिलान्यास पत्थर पर बुलंदशहर सांसद डॉ. भोला सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अतुल तेवतिया, वार्ड संख्या दो से जिला पंचायत सदस्य राफे खान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम अंकित थे। अराजक तत्वों द्वारा बोर्ड को क्षतिग्रस्त किया जाना केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना नहीं है, बल्कि इसे विकास कार्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपमान के रूप में देखा जा रहा है।

घटना को लेकर आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह राणा ने खानपुर थाना में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करती हैं और जनप्रतिनिधियों की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाए।
यह भी पढ़ें: साइबर अपराधियों पर खानपुर पुलिस की बड़ी जीत, ठगी की रकम वापस पाकर पीड़ित के चेहरे पर लौटी ख़ुशी
इस मामले में खानपुर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने हिन्दी एक्सप्रेस न्यूज़ से बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो चुकी है। तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के सामने आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और स्थानीय लोग जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


