Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

गाजियाबाद में अंधविश्वास का खौफनाक अंजाम, तांत्रिक के झांसे में आकर दोस्तों ने दे दी दोस्त की बलि

गाजियाबाद में अंधविश्वास का खौफनाक अंजाम, तांत्रिक के झांसे में आकर दोस्तों ने दे दी दोस्त की बलि

गाजियाबाद: ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र से सामने आया नवीन हत्याकांड अंधविश्वास, लालच और डर की खौफनाक तस्वीर पेश करता है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों पवन और सागर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी नसीम अभी फरार है। यह हत्या किसी पुरानी रंजिश या विवाद का नहीं, बल्कि तंत्र-मंत्र और बलि जैसी कुप्रथाओं में विश्वास का नतीजा बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतक नवीन, पवन, सागर और नसीम आपस में गहरे दोस्त थे। कुछ समय पहले नवीन ने अपने दोस्तों को बताया कि वह दिल्ली में एक ऐसे तांत्रिक को जानता है, जो तंत्र-मंत्र के जरिए लोगों को मालामाल बना देता है। पैसों की लालच में चारों दोस्त तांत्रिक से मिलने दिल्ली गए। वहां तांत्रिक ने कथित तौर पर कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने किसी नजदीकी की बलि दे, तो उस पर धनवर्षा हो सकती है।

बताया जा रहा है कि इसी बातचीत के दौरान नवीन ने तांत्रिक से यह सवाल कर दिया कि क्या दोस्त की बलि दी जा सकती है। तांत्रिक ने जवाब दिया कि बलि किसी भी नजदीकी व्यक्ति की दी जा सकती है। इस बात ने बाकी तीनों दोस्तों के मन में डर पैदा कर दिया। उन्हें आशंका होने लगी कि कहीं नवीन ही उन्हें बलि न चढ़ा दे। यही डर धीरे-धीरे साजिश में बदल गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि 15 जनवरी को आरोपियों ने मिलकर नवीन की हत्या कर दी। उसे सिलेंडर से पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा गया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक ऑटो में रखा और ट्रॉनिका सिटी के इंडस्ट्रियल एरिया में ले जाकर जला दिया, ताकि पहचान और सबूत खत्म किए जा सकें। उसी दिन इलाके में एक ऑटो में जला हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया था।

अगले दिन, 16 जनवरी को मृतक के भाई नितिन ने थाना ट्रॉनिका सिटी में अपने भाई की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद सर्विलांस टीम ग्रामीण जोन और थाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पवन और सागर को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ऑटो और सिलेंडर भी बरामद कर लिया गया है। तीसरा आरोपी नसीम फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

यह मामला न सिर्फ एक जघन्य हत्या की कहानी है, बल्कि समाज में फैले अंधविश्वास और तांत्रिक गतिविधियों के खतरनाक प्रभाव की भी चेतावनी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!