महराजगंज: परसामलिक थाना क्षेत्र के एक गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक मान्यता प्राप्त मदरसे के कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर गांव की एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। साथ ही, आरोपी पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर युवती को ब्लैकमेल करने तथा उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी आरोप है।
पीड़िता के भाई द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने युवती को अपने झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए। बाद में उन्हीं वीडियो के आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया।
आरोप है कि आरोपी ने ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिए। इतना ही नहीं, आरोपी की पत्नी द्वारा भी पीड़िता के भाई के मोबाइल पर आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने की बात सामने आई है।
मामले को लेकर पीड़िता के भाई ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अभय नारायण सिंह ने हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ से फ़ोन पर बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


