महराजगंज: नौतनवा क्षेत्र के रतनपुर स्थित कृषि रक्षा इकाई पर धान बीज वितरण में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। किसानों ने आरोप लगाया है कि विभागीय नियमों को दरकिनार कर पिछले कई दिनों से बिना ई-पास मशीन के ही धान बीज का वितरण किया जा रहा है। इतना ही नहीं, किसानों से बीज की पूरी कीमत भी वसूली जा रही है, जिससे सरकारी सब्सिडी मिलने पर संशय गहरा गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शासन की व्यवस्था के तहत बीज वितरण के समय किसानों का ई-पास मशीन पर फिंगर प्रिंट सत्यापन किया जाना अनिवार्य है। इसी प्रक्रिया के बाद किसानों को रसीद दी जाती है और सरकार द्वारा निर्धारित अनुदान सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाता है। लेकिन किसानों का कहना है कि रतनपुर केंद्र पर यह पूरी प्रक्रिया नजरअंदाज की जा रही है।
किसानों ने आरोप लगाया कि गोदाम प्रभारी मशीन में स्टॉक उपलब्ध न होने का हवाला देकर बीज की पूरी रकम जमा करा रहे हैं और बाद में फिंगर अपडेट कर सब्सिडी दिलाने का भरोसा दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो वे सरकारी अनुदान से वंचित हो सकते हैं।
इस मामले को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, जिला कृषि अधिकारी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि बिना ई-पास मशीन और बिना रसीद के बीज वितरण पूरी तरह नियम विरुद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रतनपुर इकाई की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


