Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

Rampur: शराब के नशे में तालाब पार करने की लगी शर्त, एक युवक की डूबकर मौत, घंटों बाद मिला शव

Rampur: शराब के नशे में तालाब पार करने की लगी शर्त, एक युवक की डूबकर मौत, घंटों बाद मिला शव

रामपुर: अज़ीमनगर थाना क्षेत्र स्थित सिंघखेड़ा गांव में शुक्रवार को शराब के नशे में तालाब पार करने की शर्त एक युवक की जान ले बैठी। दो दोस्त तालाब में उतरे थे, लेकिन उनमें से केवल एक ही सुरक्षित बाहर निकल सका। दूसरे युवक का घंटों बाद शव बरामद होने से गांव में मातम छा गया।

मिली जानकारी के मुताबिक गांव निवासी प्रेमपाल शुक्रवार दोपहर अपने साथी जगन सिंह के साथ तालाब किनारे बैठा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान दोनों के बीच तालाब पार करने को लेकर शर्त लग गई। शर्त के बाद दोनों युवक तालाब में उतर गए।

बताया जा रहा है कि जगन सिंह किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि प्रेमपाल गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अज़ीमनगर थाना प्रभारी कर्मपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। बाद में पुलिस लाइन से भी करीब छह गोताखोरों की टीम बुलाकर संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने प्रेमपाल को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

इस मामले पर थाना प्रभारी कर्मपाल ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!