Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

महराजगंज में नवागत एसपी ने देर रात की मैराथन समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था पर फोकस, अफसरों को दिए कड़े निर्देश

महराजगंज में नवागत एसपी ने देर रात की मैराथन समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था पर फोकस, अफसरों को दिए कड़े निर्देश

महराजगंज: जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद के नए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार देर रात पुलिस कार्यालय स्थित तथागत सभागार में अपराध गोष्ठी आयोजित की। रात 10 बजे शुरू हुई इस बैठक में जिले भर के अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई।

गोष्ठी के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित विवेचनाओं, अनावरण शेष मामलों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए। उन्होंने थानाध्यक्षों को आईजीआरएस और जनसुनवाई से जुड़े प्रकरणों की स्वयं जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन को बेहतर फीडबैक मिल सके।

बैठक में महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति/जनजाति से संबंधित अपराधों सहित भारतीय दंड संहिता और बीएनएस के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा की गई। एसपी ने सभी मामलों के निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

इसके अलावा यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, एसआईडी और ऑपरेशन क्लीन जैसे अभियानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गुमशुदा बच्चों की बरामदगी, अपहरण के मामलों के खुलासे और मिशन मोड पर चल रहे अभियानों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

एसपी ने महिला सुरक्षा और ‘मिशन शक्ति’ को प्राथमिकता देते हुए रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही संदिग्ध होटलों और प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, आभूषण की दुकानों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, सभी प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्ष, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!