रामपुर: मोदी सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में एक व्यापक एवं महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए आगामी अभियानों, संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तैयार की।

कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी राजा वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार ने की। मुख्य अतिथि राजा वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है। किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए संचालित योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक अभियान है, जिसमें हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष “विश्वास, विकास और जनकल्याण” के 12 वर्ष रहे हैं। इन वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
उन्होंने यह भी कहा कि आगामी अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जनभागीदारी का अभियान बनाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करेंगे तथा सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभवों को समाज के सामने लाने का कार्य करेंगे।

कार्यशाला में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की गई। अभियान के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण अभियान, मीडिया संवाद कार्यक्रम, जनकल्याण शिविर, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं, विशेष जनसंपर्क अभियान, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आगामी अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष अभय गुप्ता, सुभाष भटनागर, पूर्व विधायक काशीराम दिवाकर, महिला आयोग सदस्य सुनीता सैनी, मोहन कुमार लोधी, रविंद्र सिंह रवि, अर्जुन रस्तोगी, विवेक रुहेला, करतार सिंह लोधी, संतोष सिंह खैरा, प्रदीप गुप्ता, विकास दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी आकाश सक्सेना सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


