गाजियाबाद: सड़क सुरक्षा को लेकर गाजियाबाद परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए सड़क दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। परिवहन विभाग ने सड़क हादसे करने वाले 26 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए 22 लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं, जबकि 4 लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अशोक कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए लगातार विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देशों के क्रम में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों की समीक्षा करते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा-19 के अंतर्गत उन वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जो अत्यधिक लापरवाही, तेज रफ्तार, असावधानी और यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार पाए गए। इन दुर्घटनाओं में जनहानि भी हुई, जिसके बाद विभाग ने दोषी चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़क दुर्घटनाएं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
जनता से खास अपील
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, सीट बेल्ट और हेलमेट जैसे सुरक्षा उपायों का उपयोग करें तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचने में सहयोग करें।


