Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

सरकारी स्कूल में अनुशासनहीनता, बीईओ के छापे में गायब मिला सहायक अध्यापक, लटकी कार्रवाई की तलवार

सरकारी स्कूल में अनुशासनहीनता, बीईओ के छापे में गायब मिला सहायक अध्यापक, लटकी कार्रवाई की तलवार

महराजगंज: नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेवतरी स्थित सिविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठे हैं। खण्ड शिक्षा अधिकारी के औचक निरीक्षण में शिक्षक के अनुपस्थित मिलने से शिक्षा व्यवस्था की हकीकत एक बार फिर सामने आ गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत गनेशपुर टोला कोहड़वल निवासी अमित कुमार शुक्ला ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक महेंद्र कुमार गुप्ता नियमित रूप से स्कूल नहीं आते हैं। आरोप है कि वे महीने में महज दो-तीन दिन ही विद्यालय पहुंचते हैं और बाकी समय निजी कार्यों में व्यस्त रहते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के लिए नौतनवा खण्ड शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार मिश्र को नामित किया। निर्देश के क्रम में सोमवार को खण्ड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक महेंद्र कुमार गुप्ता बिना किसी पूर्व सूचना या अवकाश के अनुपस्थित पाए गए।

खण्ड शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार मिश्र ने बताया कि निरीक्षण के दौरान शिक्षक की अनुपस्थिति दर्ज की गई है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई विभागीय स्तर पर तय की जाएगी।

यह मामला न केवल एक शिक्षक की लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि बच्चों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का समझौता न हो।

author

Related Articles

error: Content is protected !!