गाजियाबाद: यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध यात्री परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने रविवार को गाजियाबाद सम्भाग में ‘ऑपरेशन कवच’ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ जिलों में कुल 70 यात्री वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 23.45 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क लगाया गया।
यह विशेष अभियान सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. सियाराम वर्मा के नेतृत्व में परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान के तहत लंबी दूरी की स्लीपर बसों, ऑल इंडिया परमिट और ऑल यूपी परमिट वाले यात्री वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान परी चौक के जीरो प्वाइंट से महामाया फ्लाईओवर तक तथा यूपी गेट से हापुड़-मेरठ रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, चालक के दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स और अन्य सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण में नियमों का उल्लंघन करने वाले गाजियाबाद में 33, गौतमबुद्धनगर में 24 और हापुड़ में 13 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई। कुल मिलाकर 70 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए ₹23.45 लाख का प्रशमन शुल्क लगाया गया।
सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और मानक अनुरूप परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके तथा अवैध एवं असुरक्षित यात्री परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।


